गाजीपुर/मुहम्मदाबाद। मुहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस बुधवार को मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के बड़े भाई एवं पूर्व विधायक शिवगतुल्लाह अंसारी के यूसुफपुर स्थित आवास पर पहुंची। उनके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने संबंधी जिलाधिकारी के आदेश की मूल कॉपी उन्हें प्राप्त कराया। इसके बाद लाइसेंसों पर जारी असलहों को जब्त कर अपने साथ लेते गई।
मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के समर्थकों एवं उनके परिवारीजनों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की पिछले कई दिनों से कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में बुधवार को मुहम्मदाबाद कोतवाली के एसएसआई देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूर्व विधायक के आवास फाटक में जाकर पूर्व विधायक शिवगतुल्लाह अंसारी को उनके तीन शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की मूल कॉपी एवं उस पर जारी असलहों को जब्त किया गया। इसमें एक डीबीबीएल गन 12 बोर एवं 10 कारतूस, दूसरे लाइसेंस पर जारी एनपीबी राइफल एवं 10 कारतूस तथा तीसरे लाइसेंस पर जारी एक एनपीबी रिवाल्वर एवं 10 कारतूस विधायक से प्राप्त कर, उनके हस्ताक्षर बनवाकर उसे जब्त कर अपने साथ ले गए। पुलिस ने लाइसेंस निरस्तीकरण के मूल आदेश को विधायक को प्राप्त कराया। इस पर एसएसआई देवेंद्र कुमार सिंह यादव, एसआई संदीप कुमार दुबे, एसआई भानु प्रताप मिश्रा एवं कांस्टेबल रत्नेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।