कासिमाबाद (गाजीपुर)। फरार चल रहे नगर पंचायत बहादुरगंज के अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी के हस्ताक्षर से जारी एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कैंप कार्यालय से जारी इस पत्र में त्योहारों के मद्देनजर नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल पत्र की पुष्टि नहीं करती है।
25 फरवरी को जारी पत्र में सफाई नायक वसीम अहमद, सफाई प्रभारी अशोक कुमार व तसव्वर अली को संबोधित करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी के 20 फरवरी के पत्र का हवाला दिया गया है। इसमें वार्डों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई और कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पत्र की प्रति मुख्य राजस्व अधिकारी को भी प्रेषित किए जाने की बात कही गई है।