सुहवल थाना के चकिया गांव में दो पक्षों के बीच हुए बवाल के बाद सड़क पर बिखरा ईट।
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। थाना क्षेत्र के चकियां उर्फ चकमजीठ गांव में गुरुवार की देर शाम करीब सात बजे दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी और ईंट-पत्थर चले। इस कारण गांव में अफरातफरी मच गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों से कुल 14 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में तैनात कर दी गई है। घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि एक पक्ष की तहरीर पर 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इलाके के चकियां उर्फ चकमजीठ गांव में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को देर रात एक पक्ष कुछ लोगों के साथ भूसा रखने के लिए विवादित जमीन पर पहुंचा। यह देख दूसरे पक्ष के राजाराम बिंद ने आपत्ति दर्ज कर उनसे ऐसा करने से मना कर दिया। ऐसे में दूसरे पक्ष के लोग अपनी जिद्द पर अड़ने के साथ ही तू-तू, मैं-मैं करने लगे। शोर सुनकर दोनों पक्षों के महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी। अभी लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही दोनों तरफ से ईंट-पत्थर लाठी चटकने लगे। इस बीच पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर सीओ जमानिया, प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने स्थिति को तत्काल काबू में कर लिया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।