गाजीपुर। नंदगंज थाना में नोनहरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी हरिकेश यादव ने अपने मजदूर की मौत के बाद ट्रेलर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि हरिकेश यादव ने तहरीर देकर बताया कि उन्हें थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगे पौधों की सिंचाई का ठेका मिला हुआ है।
बीते 13 मार्च को नैसारे गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर ट्रैक्टर से जुड़े टैंकर के माध्यम से पौधों की सिंचाई की जा रही थी। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक कासिमाबाद थाना क्षेत्र के मखदूमपुर निवासी धीरेंद्र यादव और पीछे लगे टैंकर से पौधों में पानी दे रहे नोनहरा थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी मजदूर जनार्दन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान 15 मार्च की शाम करीब पांच बजे जनार्दन यादव की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।