दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के रानीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर पानी टंकी के निर्माण में लगा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दुल्लहपुर थानाक्षेत्र धर्मागतपुर गांव निवासी निरंजन राजभर (19) पतार गांव में बन रही पानी की टंकी में मजदूरी कर रहा था। बृहस्पतिवार की देर शाम अपने एक साथी के साथ ताजपुर बाजार से खाना लेने के लिए गया। वापसी में ताजपुर रेलवे स्टेशन के दक्षिण तरफ रानीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय अप और डाउन दोनों ट्रैक पर ट्रेन आ जाने के बाद भागने की कोशिश की। लेकिन, इस दौरान ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचवर ले गई, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर पुत्र के मौत की सूचना मिलते ही पिता विनोद राजभर और मां बतासी देवी बदहवास हो गए। धर्मागतपुर के ग्राम प्रधान संजय राजभर ने बताया कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। पिता विनोद राजभर बाजार में ठेला लगाकर भूजा बेचते हैं। परिवार के भरण पोषण के लिए तीन भाइयों में सबसे छोटा मृतक निरंजन राजभर मजदूरी के लिए इधर-उधर जाया करता था। थानाध्यक्ष प्रभारी बालमुकुंद दुबे ने बताया कि अस्पताल में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।