सुहवल थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित पांच आरोपियों में से पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बुधवार को दो किशोर आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों एक मोड़ से कहीं भागने के फिराक में थे। पूछताछ और मेडिकल मुआयना के बाद तीनों का चालान कर दिया गया। जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं पीड़िता को बरामद कर मेडिकल परीक्षण अस्पताल भेज दिया गया है।
मालूम हो कि एक गांव की किशोरी अपने भाई के साथ दुकान पर गई थी। इस दौरान मनबढ़ों ने किशोरी का अपहरण कर लिया था। पीड़िता के परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्जकर छानबीन करने में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गौरा मोड़ से पुलिस टीम ने दो किशोर आरोपी सहित तीन को दबोच लिया। साथ ही किशोरी को भी बरामद कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक तारावती ने बताया कि मामले में वांछित दो किशोरों और एक अन्य को पकड़ा गया है। जिनका पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है। अन्य आरोपी भी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे। वहीं किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।