गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सेमरा चक फैज गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बुधवार को सुबह जानवर को बचाने के चक्कर में ट्रेलर पलट गया। इससे खलासी की जहां मौत हो गई, वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को आजमगढ़ जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थानाक्षेत्र के अमिलाई बाजार निवासी सुदीप यादव (22) ट्रेलर पर खलासी का काम करता था। मंगलवार की देर रात बिहार राज्य के आरा से चालक सुरेश यादव के साथ मृतक ट्रेलर में बालू लादकर आजमगढ़ के लिए निकला।
सेमरा चक फैज गांव के पास सुबह करीब पांच बजे सड़क के बीच आए जानवर को बचाने के चक्कर में ट्रेलर अनियंत्रित होकर वाराणसी-गोरखपुुर फोनलेन के किनारे पलट गया। इसमें दबकर खलासी सुदीप यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने चालक को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज चल रहा है। वहीं, सूचना मिलने के बाद मुंबई से मृतक के पिता उदयराज यादव गांव के लिए निकल गए हैं। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।