नंदगंज। मुस्लिमपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर कार की चपेट में आने बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है।
बड़हरा गांव निवासी शिव शंकर चौहान (40) सुबह करीब दस बजे बाइक से मुस्लिमपुर गांव स्थित भवन निर्माण सामग्री की दुकान पर जा रहे थे। अभी वह दुकान के पास पहुंचे थे कि वाराणसी से गाजीपुर की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच मौका पाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और वाहन को कब्जे में ले लिया। इधर घटना की जानकारी होते ही परिजन भी थाने पहुंच गए। इधर मृतका की पत्नी किरन, पुत्र सौरभ, रोहित और एक पुत्री खुशी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता राम मूरत चौहान ने कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।