गाजीपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-29 की दशा दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। कठवा मोड के पास करीब 300 मीटर तक सड़क से पिच और गिट्टी दोनों गायब है। यहां सड़क पर जगह-जगह तीन से चार फीट तक गड्ढ़ा बना हुआ है। लेकिन जिम्मेदार इसकी सुधि तक नहीं ले रहे हैं। आलम यह है कि बरसात के बाद यहां घंटों वाहनों के फंसने से लंबा जाम लग रहा है। आलाम यह है कि लोग पैदल तक नहीं निकल पा रहे हैं।
बलिया-गाजीपुर-कासिमाबाद को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 300 मीटर गड्ढ़े में तब्दील हो चुका है। सड़क के उधड़ने और टूटने से इस पर आवागमन करना कष्टकारक हो गया है। भारी वाहन किसी तरह निकल भी जा रहे हैं, तो छोटे वाहनों का इस रास्ते से निकलना काफी कठिन हो गया है। आए दिन चालक गड्ढों में तब्दील सड़क पर अनियंत्रित हो दुर्घटनाग्रस्त हो जा रहे हैं। कठवामोड़ एकबार फिर बारिश के बाद राहगीरों के लिए चुनौती बना हुआ है। बुधवार को कठवा मोड़-गाजीपुर मार्ग पर एकबार फिर सुबह से ही वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। मौके पर मौजूद मुट्ठी भर पुलिस कर्मियों के लिए भी जाम खत्म करवाना टेढ़ी खीर बन गया। कीचड़-गड्ढे में तब्दील सड़क पर वाहन तो दूर लोगों के पैदल चलने के लिए भी गुंजाइश नहीं बची थी। सड़क में पानी भरने और कीचड़ होने की वजह से काफी दूरी तक लोगों को कींच-कांच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
कठवा मोड़ अर्से से लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। यहां से तीन जगह के लिए सड़कें ज
ाती हैं। प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के खतरनाक अवस्था में पहुंच जाने की वजह से एक तरफ वाहनों के कलपुर्जे खराब हो रहे हैं, तो कई बार सड़क पर बने गड्ढों में पहुंचते ही अनियंत्रित हो हादसे के शिकार हो जाते हैं। सड़क पर कई स्थानों पर बन चुके दो से तीन फीट गहरी खाई से होकर गुजरना वाहन चालकों के लिए जान जोखिम में डालने के बराबर है। हर रोज लोग खतरनाक तरीके से सफर करने के लिए विवश हैं। सोमवार की शाम से शुरू बरसात ने एकबार फिर से सड़क को भारी दुर्व्यवस्था के बीच धकेल दिया। सड़क पर भर चुके पानी में वाहन चालकों को गड्ढों का सही अंदाजा न लग पाने से कई बाइक सवार इन गड्ढों में गिरकर जख्मी तक हो जा रहे हैं।