अराजकतत्वों के किसी भ्रामक सूचना पर न दें ध्यान: एडीजी वाराणसी
करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में सपा प्रतिनिधिमंडल व ग्रामीणों के बीच हुए पथराव का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इधर, शनिवार को वाराणसी मंडल के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ताकर पूरे घटना क्रम व कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही आमजन से अपील करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट एवं मीडिया बाईट का अवलोकन कर सत्यता ज्ञात करें। अराजकतत्वों के किसी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और तत्काल पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर जानकारी दें।
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि बीते 15 अप्रैल की सुबह डाॅयल-112 पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी पुत्री की मृत्यु जमानिया गंगा नदी के पुल से कूदकर हो गई है। पुल पर उसका गमझा, मोबाईल एवं चप्पल रखी हुई है। पुलिस ने शव को नदी से निकालने के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना से आया। मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे।
बीते 19 अप्रैल को मृतका के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर विवेचना थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक द्वारा शुरू की गई। मुख्य आरोपी हरिओम पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि आरोपी अभिषेक पांडेय को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया कि बीते 22 अप्रैल को गांव कटरिया में पुलिस पर पथराव की घटना हुई, जिसमें कटरिया के रहने वाली एक महिला सहित दो लोगों के सिर में चोट आई एवं थानाध्यक्ष करण्डा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एवं अन्य कुछ पुलिस कर्मियों को भी चोट आई थी।
इस मामले में 46 नामजद एवं 200 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। पथराव के समय समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गांव में मौजूद था, जिसमें सम्मिलित व्यक्तियों के द्वारा उत्तेजित होकर पथराव किया गया। मृतका के पिता द्वारा दर्ज प्राथमिकी पर पुलिस द्वारा त्वरित विधिक कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र आरोप पत्र न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी।
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने कहा कि कुछ शरारतीतत्वों द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से पूरे प्रकरण में पुलिस द्वारा की गई विधिक कार्रवाई को दरकिनार करते हुए आमजन में असत्यापित तथ्यहीन एवं भ्रामक अफवाहें फैलाने का प्रयास किया गया। ऐसे भ्रामक सूचना, जिससे कि समाज में वैमनस्यता एवं अशांति फैले उसके संबंध में पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर सूचित करें। जनपद पुलिस पूर्ण रूप से शांति एवं सक्रिय पूर्ण कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।