Ghazipur News: गाजीपुर जिले में मार्टीनगंज तहसील में तैनात कानूनगो पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गाजीपुर जनपद की मार्टीनगंज तहसील एक बार फिर विवादों में आ गई है। तहसील परिसर में तैनात कानूनगो जुल्फेकार अहमद का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
विज्ञापन
लोगों का आरोप है कि तहसील में बिना पैसे के आम जनता के कार्य नहीं किए जाते, जिससे क्षेत्र में असंतोष और रोष का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं।
कुछ दिन पूर्व तहसील से जुड़े एक कर्मचारी जयप्रकाश यादव को एंटी करप्शन टीम ने 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार के संकेत नहीं दिख रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
विज्ञापन
इस मामले पर एसडीएम दिव्या सिकरवार ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।