ओवरलोड वाहनों के चलते हमीद सेतु के टूटे ज्वाइंटर की मरम्मत हुए 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि एक बार फिर ज्वाइंटर टूट गया। इसके चलते इसपर सफर करने वाले सहमे रहे। लेकिन जानकारी होने के बाद भी भारी वाहनों के आवागमन कर किसी स्तर से रोक नहीं लगाई गई। ऐसे में वाहनों के चालक बेखौफ फर्राटा भरते रहे।
वीर अब्दुल हमीद सेतु के ज्वाइंटर नंबर-14 पिछले दिनों टूट गया था। इसके चलते पश्चिमी तरफ पांच फीट के दायरे में बीस सेंटीमीटर की दरार पड़ गई थी। कई दिनों तक इसकी मरम्मत न होने और दरार बढ़ने के साथ ही कंपन होने लगा था। इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद छठवें दिन संबंधित विभाग की नींद खुली और उसने ज्वाइंटर की मरम्मत कराई।
मरम्मत हुए अभी दो दिन भी नहीं बीते थे कि एक बार फिर उसी स्थान पर ज्वाइंटर टूट जाने से दरार पड़ गई है। इसकी जानकारी जब विभागीय कर्मचारियों को गुरुवार की देर शाम लगी तो आनन-फानन में टूटे हुए हिस्से में रेत की बोरी और गिट्टी से घेर दिया गया। लेिकिन शुक्रवार की शाम तक टूटे ज्वाइंट की सुध लेने कोई नहीं आया। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के अवर अभियंता ईश्वरचंद्र सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी देर शाम को हुई। इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। मरम्मत के संबंध में उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों का निर्देश मिलने पर कार्य शुरू होगा।