गाजीपुर। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, इसके बाद भी जिले के रेलवे स्टेशनों व हाॅल्ट पर शुद्ध और ठंडे पेयजल के इंतजाम नाकाफी हैं। जिले में कुल 28 रेलवे स्टेशन और हाॅल्ट हैं। यहां प्रतिदिन 59 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। 59 हजार यात्रियों को ठंडा व शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए सिर्फ 13 वाटर कूलरों की व्यवस्था है। इनमें से तीन गर्म पानी दे रहे हैं। 28 प्रतिशत यानि सात से अधिक रेलवे स्टेशनों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।
जनपद में चार रेलखंड हैं। इनमें वाराणसी-छपरा, औड़िहार-गोरखपुर, गाजीपुर-दिलदारनगर व दिल्ली-हावड़ा रेलखंड है। इन रेलखंडों पर गाजीपुर सिटी, आंकुसपुर, सहेड़ी, नंदगंज, बासूचक, तराव, सैदपुर भितरी, औड़िहार, गाजीपुर घाट, फतेहपुर अटवा, शहबाजकुली, ढोढाडीह, यूसुफपुर, करीमुद्दीनपुर, ताड़ीघाट, दिलदारनगर, सादात, जखनिया, दुल्लहपुर, भदौरा, करहिया, गहमर, जमानिया आदि रेलवे स्टेशन व हाॅल्ट हैं। जंक्शन व रेलवे स्टेशनों पर स्थिति कुछ ठीक है। अगर वाटर कूलर नहीं है या फिर खराब स्थिति में है, तो यात्री पेयजल की टोटियों से अपना काम चला ले रहे हैं। सबसे खराब स्थिति हाल्ट की है। हाॅल्ट पर एक या दो हैंडपंप होते हैं। इनमें से ज्यादातर खराब हैं। ऐसे में यात्रियों को प्यास बुझाने के लिए दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है। दानापुर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था बेहतर कार्य चल रहा है।
सिटी रेलवे स्टेशन प्लेटफाॅर्म पांच पर सिर्फ फाउंडेशन बना : मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निरीक्षण के बाद भी सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर लगा वाटर कूलर ठंड गर्म पानी दे रहा है। प्लेटफाॅर्म नंबर पांच पर वाटर कूलर का सिर्फ फाउंडेशन बनाकर छोड़ा है।
टोटियां टूटी हैं या फिर खराब : वाराणसी-छपरा रेलखंड पर स्थित नंदगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए नल की टोटी लगाई गई है। लेकिन, अधिकांश नलों की टोंटियां खराब हैं, या तो टूटी हैं। इसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जबकि नंदगंज रेलवे स्टेशन पर 23 गांवों के प्रतिदिन 1300 यात्री यात्रा करने के लिए आते हैं।
औड़िहार जंक्शन : वाटर कूलर से आ रहा गर्म पानी
औड़िहार जनपद का एक प्रमुख जंक्शन है। इसके बावजूद यहां पर लगे वाटर कूलर से गर्म पानी मिल रहा है। इसके कारण वाटर कूलर का फायदा नहीं मिल पा रहा है। - रोशन, सैदपुर
रेलवे स्टेशनों पर पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने की जरूरत है। इस दिशा में रेलवे प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है। - पंकज मोदनवाल, जखनिया
राजस्व बढ़ाने के साथ ही रेलवे को यात्रियों की सुविधाओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है। इसको लेकर रेलवे प्रशासन को पहल करनी चाहिए। जिससे यात्रियों को सहूलियत मिले - प्रवीण कुमार, अलीपुर मदरा
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के लिए लगातार कार्य चल रहे हैं। जहां भी कमी है, उसको दुरुस्त कराया जाएगा। सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर पांच पर वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। - आशीष जैन, मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी