जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाते थानाध्यक्ष उमेश यादव।
थाना क्षेत्र के धरवां गांव के समीप सोमवार को दोपहर पिकअप और मोटरसाइकल की आमने-सामने टक्कर होने से बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के गुस्साए ग्रामीणों ने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर डेड़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई।
सुहवल थाना क्षेत्र के ढढ़नी गांव निवासी मनोज कुमार का पुत्र अमन राज (25) बाइक से किसी काम से वाराणसी जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे अभी वह धरवां गांव के पास ही पहुंचा था कि वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
गंभीर रूप से घायल होने से अमन की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक रफ्तार बढ़ाकर पिकअप सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। नाराज लोगों ने घटनास्थल के पास गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम होते ही आवागमन ठप हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
जानकारी होते ही थानाध्यक्ष उमेश यादव पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाते हुए डेढ़ घंटा बाद जाम समाप्त कराया। मृतक की मोबाइल से उसके परिवार वालों को घटना की सूचना देते हुए पुलिस शव को कब्जा में लेकर थाना ले आई।
जाम की वजह से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग थाना पहुंच गए। जैसे ही उनकी नजर अमन के शव पर पड़ी, वह चीखने-चिल्लाने लगे। वहां मौजूद लोग और परिवार वालों के साथ आए अन्य लोग उन्हें सांत्वना देने में जुट रहे।