थानाक्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार की रात ताला तोड़कर और शटर चांड़कर तीन चोरों ने एक जनरल स्टोर की दूकान में चोरी की। इस दौरान वह दूकान से 80 हजार नगद और 15 हजार के मोबाइल रीचार्ज कूपन उठा ले गए। खटपट से दूकान मालिक की नींद खुल गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो चोर पास ही एक नदी में कूद गए। ग्रामीणों ने उन्हें नदी में कूदकर पकड़ लिया। उधर, जब सूचना पर पुलिस नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने जाम समाप्त किया।
मिर्जापुर गांव निवासी रामलक्षन चौहान के मकान में ही उनकी जनरल स्टोर की दूकान है। रात में दूकान बंद कर वह घर चले गए। इसी बीच चोर रात करीब 12 बजे दुकान में घुसे। खट-पट की आवाज से रामलक्षन की नींद टूट गई। देखा कि दूकान में तीन चोर मौजूद थे। यह देख वह शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से निकलने लगे। ग्रामीणों की नजर कुछ दूरी पर संदिग्ध हाल में खड़े टाटा मैजिक पर पड़ी। ग्रामीणों ने चालक से पूछा तो उसने बताया कि चोर उसके वाहन की बुकिंग कर यहां लाए थे। इसी बीच चालक के मोबाइल पर फोन आ गया।
पता चला कि चोरों का फोन है और उन्होंने चालक को बताया कि वह सैदपुर की तरफ जा रहे हैं वह गाड़ी लेकर पहुंचे। स्पीकर पर यह बात सुन ग्रामीण लाठी-डंडा से लैस होकर मैजिक चढ़ गए। जोगीवीर गांव स्थित अकौझी नदी पुल पर जैसे ही मैजिक पहुंची तो चोर उसमे बैठने लगे। तभ्ाी मैजिक में बैठे लोगों ने चोरों को दौड़ा लिया। बचने के लिए तीनों नदी में कूद गए। कुछ ग्रामीण भी नदी में कूद गए और दो चोरों को दबोच लिया, जबकि तीसरा चोर पैसा और कूपन लेकर फरार हो गया। चोरों को लेकर मैजिक सहित लोग मिर्जापुर गांव आए। हलका के एसआई सुदामा प्रसाद को सूचना दिया।
सूचना के काफी देर बाद भी उनके न पहुंचने पर लोग गुस्सा हो उठे।
रविवार की सुबह 9 बजे उन्होंेने प्यारेपुर चौराहे पर सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। थानाध्यक्ष शिवकुमार मिश्रा एवं सीओ सैदपुर ने उन्हें समझाबुझा कर जाम समाप्त कराया। पूछताछ में चोरों ने अपना नाम चंदौली थाना क्षेत्र के काशीपुरा निवासी रिंकू, इसी थाना के सरैया निवासी मो. शाहरुख, यहीं के अमोखपुर निवासी चालक शिवाजीत बताया, जबकि फरार साथी का नाम आसिफ निवासी पड़ाव मुगलसराय चंदौली बताया।
उधर, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के नायकडीह हाल्ट के पास शनिवार की रात नायकडीह निवासी प्रहलाद जायसवाल की किराना की दूकान का टिनशेड हटाकर चोरों ने 60 हजार नकदी सहित हजारों का सामान उड़ा दिया। देर रात चोर दूकान का टिनशेड हटाकर अंदर घुसे और चोरी की घटना काे अंजाम देकर फरार हो गए।