सुभाषनगर मतदान केंद्र पर मतदान के लिए खड़ी महिलाएं।
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र में संगीनों के साए में चुनाव प्रक्रिया सुबह सात बजे प्रारंभ हुई। नौ बजे तक सबसे अधिक मतदान जखनियां विधानसभा क्षेत्र में 13.04 फीसदी दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम 11.91 मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में रहा। 11 बजे मतदान का ग्राफ सबसे अधिक सैदपुर में 28.05 फीसदी रहा। जबकि सबसे कम 26.08 मुहम्मदाबाद विस में दर्ज किया गया।
दिन के एक बजे तक मुहम्मदाबाद विस में 40.04 फीसदी मतदान रहा। जबकि सबसे कम सदर 37.89 प्रतिशत रहा। तीन बजे सबसे अधिक मतदान जंगीपुर विधानसभा 57.85 प्रतिशत रहा। जबकि सबसे कम जमानिया विस में 49.61 प्रतिशत मतदान हुआ। सायंकाल पांच बजे कुल मतदान 58.48 प्रतिशत हुआ। जिसमें सबसे अधिक जंगीपुर विस में 60.57 प्रतिशत और सबसे कम जमानिया विस में 53.80 प्रतिशत हुआ।
उधर पूरे दिन जहां-तहां झड़प, मारपीट तथा पथराव तक की घटनाएं हुई। जिसमें जमानिया क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल गोड़सरा मतदान केंद्र पर पुलिस द्वारा एक युवक की पिटाई करने पर नाराज ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। उधर उहसियां और रक्सहां बूथ के बाहर भी 12 लोग फर्जी मतदान करते पकड़े गए। जखनिया विधानसभा के गदाईपुर बूथ संख्या तीन पर सपा और बसपा कार्यकर्ता भिड़ गए, जिसमें जोगिंद्र राजभर (40) का सिर फट गया।