असम में बीते 30 मई को आर्मी के जवानों की एक जीप खाई में गिर गई। इस हादसे में घायल उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के निवासी जवान की मौत बुधवार सुबह हो गई। जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के लाल आर्मी जवान की खाई में जीप गिरने से मौत हो गई। असम में पहाड़ी पर लगे सैनिक कैंप से उतरते समय ये हादसा हुआ। इधर घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पार्थिव शरीर तीन जून को पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।
वृंदावन गांव निवासी आर्मी जवान अभिषेक यादव (23) असम में तैनात थे। बीते 30 मई को असम में पहाड़ी पर लगे सैनिक कैंप से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर जीप खाई में गिर गई थी। हादसे में जीप सवार पांच जवानों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीन घायल जवानों को असम के तेजपुर स्थित सैनिक अस्पताल मे भर्ती कराया गया था।
बुधवार की सुबह 10 बजे इलाज के दौरान गाजीपुर के अभिषेक यादव की मौत हो गई। सेना के अधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनके रोने-बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।