जंगीपुर विधानसभा उपचुनाव के चुनाव में माहौल दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। विधानसभा क्षेत्र के दायरे के तीन थानों सुहवल, जंगीपुर एवं बिरनो पुलिस ने लोगों को पाबंद करना शुरू कर दिया है। अब तक यहां कुल 875 लोगों को 107/116, सोलह लोगों को 110 जी मिनी गुंडा एक्ट और पांच के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार पर भी नजर रखी जा रही है, पुलिस ने 20 लीटर ऐसी शराब बरामद की है।
चुनाव आयोग के सख्त निर्देश के बाद 16 मई को जंगीपुर विधानसभा उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने कमर कस ली है। शान्तिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के मद्देनजर आपराधिक छवि के लोगों जिनसे चुनाव में खलल पैदा होने की आशंका है, उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। उनको पाबंद भी किया जा रहा है। पुलिस ने अब तक कुल लगभग 250 लोगों को उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए 107/116 के तहत पाबंद किया है।
पुलिस कि इस कार्रवाई से आपराधिक छवि वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस चुनाव में खलल डालने वालों एवं आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष एसपी पांडेय ने बताया कि जंगीपुर विधानसभा के उपचुनाव को देखते हुये अब तक 250 लोगों के उपर 107/116 की कार्रवाई की गयी है। रेवतीपुर थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है।