दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी आईटीआई टेक्नीशियन प्रेमप्रकाश राम (30) की सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम पुलिस की सूचना पर परिजन ग्रामीणों के घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। मुखिया देवी ने बताया कि चार बेटों में प्रेमप्रकाश तीसरे नंबर पर थे।
भोजन करने के बाद प्रेमप्रकाश ने पेट दर्द की शिकायत बताई थी। बेटे ने कहा था कि उसका एक मित्र उसे मुगलसराय बुला रहा है और वह लौटते समय दवा लेकर आएगा। घर से निकलते समय प्रेमप्रकाश अपना पैन कार्ड, आधार कार्ड और बैंक पासबुक घर पर ही छोड़ गया था। मुखिया देवी ने बताया कि घटना वाले दिन शाम करीब छह बजे जब उन्होंने बेटे को फोन किया था, तो उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के रोने-बिलखने से मृतक के दरवाजे पर भीड़ जुटी हुई थी। संवाद