सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते एसडीएम।
थाना क्षेत्र के नरवर गांव में सोमवार की दोपहर नीचे लटके 11 हजार वोल्ट के तार की जद में आने से अधेड़ ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर गाजीपुर-मऊ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर दो घंटा बाद जाम समाप्ता कराया। जाम की वजह से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
गोविंदपुर कीरत गांव निवासी बुद्धू राम का पुत्र हरिश्चन्द्र राम (45) रोज की तरह आज भी अपने मालिक नरवर गांव निवासी सुरेंद्र श्रीवास्तव का टैक्टर लेकर उन्हीं के खेत की जुताई करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान दिन में करीब एक बजे नरवर गांव में रास्ते में लगे बांस को हटाने लगा। इसी बीच काफी नीचे लटके हाईटेंशन तार की जद में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीण ने मृतक के परिवार के साथ ही पुलिस और बिजली विभाग को घटना की सूचना दी।
काफी देर बाद भी विद्युत विभाग के अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने को लेकर लोगों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने गाजीपुर-मऊ मार्ग पर तीन बजे जाम लगा दिया। जाम होते ही मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। जाम करने वालों का आरोप था कि नीचे लटके हाईटेंशन तार की जानकारी जेई और एसडीओ को कई बार दी गई। बावजूद इसके तार को ऊपर नहीं कराया गया। विद्युत विभाग की लापरवाही की वजह से आज हरिश्चंद्र की जान गई है। जानकारी होते ही सदर एसडीएम विनय कुमार गुप्ता, कासिमाबाद सीओ डाॅ. कृष्णकांत सरोज सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए मुआवजा का आश्वासन दिया। इस पर दो घंटा बाद पांच बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया। गांववासियों में शोक की चादर तन गई।