गाजीपुर। स्वच्छता अभियान के तहत जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक डा. ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता एवं उपजिलाधिकारी सदर प्रभाष कुमार ने सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम जल्लापुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता अभियान के तहत वहां कराए जा रहे स्वच्छता कार्य की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने ग्राम जल्लापुर में पहुंच कर वहां उपस्थित आशा कार्यकर्ता पूनम से गांव में डोर-टू-डोर कोविड-19 के कारण कराए जा रहे जांच की जानकारी ली तथा गांव में अभी तक कितने परिवारों की जांच की जा चुकी उससे पूछा तथा स्वयं मौके पर स्कैनिंग कराकर जानना चाहा लेकिन आशा द्वारा सही रिपोर्ट न बता पाने के कारण नाराजगी व्यक्त की। वहां उपस्थित बीपीएम तथा सुपरवाइजर को फटकार लगाई तथा चेतावनी देते हुए दो अन्य आशाओं देवमुनि तथा चंदा को प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के समय गांव में साफ-सफाई न होने तथा लगाए गए सफाई कर्मचारियों की संख्या की जानकारी लेने पर ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि 31 सफाई कर्मी लगाए गए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सफाई कर्मियों की सूची मांगकर मिलान करने पर सात सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए जिस पर उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों से गांव में साफ-सफाई एवं सोडियम हाइपोक्लोराईड के छिड़काव की जानकारी ली। बताया गया कि माह में एक या दो बार साफ-सफाई होती। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी सदर को चेतावनी एवं ग्राम सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।