जिले के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अर्द्ध
वार्षिक परीक्षा मंगलवार को अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई।
इस दौरान कई
विकासखंडों में स्थित विद्यालयों में प्रश्नपत्र की जगह ब्लैकबोर्ड पर
प्रश्न लिखकर परीक्षा कराते हुए पाया गया। कई विद्यालयों पर परीक्षा
निर्धारित समय से विलंब से शुरू हुई। परीक्षा को परीक्षा की तरह न कराकर
कुछ जगहों पर खानापूरी करते अध्यापक मिले।
परिषदीय विद्यालयों की
अर्द्धवार्षिक परीक्षा के पहले दिन प्राथमिक स्तर पर पहली पाली में हिंदी
एवं दूसरी पाली में कला एवं संगीत की परीक्षा आयोजित हुई। हिंदी के
प्रश्नपत्र की जगह कुछ ब्लाक के कई विद्यालयों पर ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न
लिखकर बच्चों से कापियों पर उतारकर उसके उत्तर लिखने को कहा गया।
बच्चे
पास-पास बैठकर प्रश्न ही नहीं उतार रहे थे बल्कि उनके उत्तर भी लिखते मिले।
सादात ब्लाक के बहरियाबाद न्याय पंचायत बीआरसी की ओर से दिए गए प्रश्नपत्र
को न लेकर वहां के कई विद्यालय के अध्यापक मानक के विपरीत बाजार से
प्रश्नपत्र खरीदकर परीक्षा कराते मिले।
कमोवेश इसी तरह की स्थिति कुछ अन्य
ब्लाक के कई विद्यालयों पर देखने को मिली। संबंधित विकासखंडों के बीआरसी
समन्वयक एवं सह समन्वयक परीक्षा का निरीक्षण करने विद्यालयों पर पहुंचे तो
मानक से विपरीत प्रश्नपत्र एवं ब्लैकबोर्ड पर लिख प्रश्नों को देखकर
उन्होंने प्रधानाध्यापकों से इस संबंध में पूछताछ की।
उनकी तरफ से परीक्षा
के दौरान पाई गई खामियों की रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को उपलब्ध
कराई जाएगी। गणित के प्रश्नपत्रों को कई विद्यालयों पर बीआरसी से न लेकर
बाजार से खरीदकर परीक्षा कराते पाई गई।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी
चन्द्रकेश सिंह यादव ने कहा है कि परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक
परीक्षा के दौरान विद्यालयों पर खामियां पाई जाएंगी तो संबंधित के खिलाफ
कार्रवाई की जाएगी।