गाजीपुर। जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में तैनात डाक्टर के नदारद रहने पर बृहस्पतिवार को एक दिन का वेतन काटने के साथ उच्चाधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई की है। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सीएमएस ने स्पष्टीकरण मांगा है। ऐसे में लापरवाह डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों में खलबली मची हुई है।
सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि जिला अस्पताल के कोविड अस्पताल में परिवर्तित होने के बाद विशेष नजर रखी जा रही है। औचक निरीक्षण के दौरान तैनात डा. एके पांडेय जहां नदारद मिले। वहीं डा. सतीश कुमार तैनात थे। ऐसे में बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर डा. एके पांडेय का एक दिन का वेतन काटने के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है। लापरवाही करने वाले किसी भी डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि दस बड़े ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराया गया है। पर्याप्त ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध है। लगातार आवश्यकतानुसार मरीजों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही मौजूद तीन शव वाहनों को क्रियाशील भी किया गया है। ऐसे में संक्रमितों की मौत के बाद उन्हें सेनेटाइजेशन कराने के साथ शव को सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है।