मरदह। अगर आपका जन्म आजादी के वर्ष 1947 में किसी भी दिन हुआ है तो हिंदुस्तान पेट्रोलियम मुफ्त में गैस कनेक्शन देने की तैयारी में है। शर्त यह है कि आपके नाम से पहले से किसी भी कंपनी का गैस कनेक्शन नहीं होना चाहिए। हिंदुस्तान पेट्रोलियम इस वर्ष 15 अगस्त को अमृत महोत्सव के रूप में मनाएगा। इसी के तहत कारपोरेशन की ओर से अभियान चलाकर गांव-गांव में सर्वे कर ऐसे लोगों से उनके जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेज लिए जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ऐसे लोगों को गैस कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने अपने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि वह अपने-अपने इलाके से ऐसे लोगों का आधार कार्ड, फोटो और पासबुक की छायाप्रति जमा करें जिनका जन्म 1947 में हुआ है। उनके पास पहले से किसी कंपनी का गैस कनेक्शन नहीं है तो उन्हें कंपनी की ओर से मुफ्त में गैस कनेक्शन दिया जाएगा। अमरनाथ एचपी गैस एजेंसी नरवर मरदह के प्रबंधक कौशल चतुर्वेदी सोनू का कहना है कि कंपनी का फरमान जारी होते ही लाभार्थियों के दस्तावेज जमा करना शुरु कर दिया जाएगा।
बिक्री अधिकारी एचपी आजमगढ़ क्षेत्र अमरेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष 15 अगस्त को अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत कंपनी ने 1947 में जन्म लेने वालों को मुफ्त में गैस कनेक्शन उपहार के तौर पर देने की योजना बनाई है। जन्म प्रमाण पत्र के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य माना जाएगा।