देवकली। देवकली गांव के मध्य से होकर गुजरे गाजीपुर-वाराणसी फोरलेन के चलते बस स्टैंड स्थित नाली एवं ब्रहम स्थल की चहारदीवारी को एनएचएआई ने तोड़ तो दिया। लेकिन उसे बनवाया नहीं। साथ ही सर्विस लेन भी नहीं बनवाई। ऐसे में नवनिर्वाचित प्रधान ने जल निकासी के लिए नाली की खुदाई कराकर पाइप लगवाया ताकि आवागमन में कोई परेशान न हो। नाबदान का गंदा पानी एवं बरसात का पानी ब्रहम स्थल परिसर में हमेशा इकठ्ठा होता है। एनएचएआई द्वारा तोड़ी गई नाली का खामियाजा गांव के लोग विगत कई वर्षों से भुगत रहे हैं। नव निर्वाचित ग्राम प्रधान सपना तिवारी ने जेसीबी से नाली की खुदाई कराकर पाइप लगवाया ताकि आवागमन सुचार रुप से चल सके। ग्राम प्रधान की ओर से कराए गए कार्य की लोग सराहना कर रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनू तिवारी ने बताया देवकली बाजार में सर्विस लेन एवं हाईवे के किनारे पक्की नाली निर्माण के लिए एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही एनएचएआई के उच्च अधिकारियों से मिलकर तोड़ी गई नाली के निर्माण की मांग करेगा। इस अवसर पर सचिदानंद पांडेय, प्रमोद कुशवाहा, त्रिलोकीनाथ गुप्ता, पवन सिंह, अवधेश मौर्य, गामाराम, सुरेंद्र एवं विबोध मौर्य आदि मौजूद रहे।