पीएमश्री कंपोजिट स्कूल सिंगेरा में बुधवार को एक अनोखा और प्रेरणादायक सत्र आयोजित किया गया। इस मौके पर भारत के लाफिंग बुद्धा नागेश्वर दास ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षिकाओं को हंसी का मंत्र दिया। उन्होंने हंसी के वैज्ञानिक और मानसिक लाभ पर जोर देते हुए बताया कि यह सिर्फ एक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि एक औषधि है, जो न केवल तनाव कम करती है बल्कि आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ाती है।
उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित किया कि वह अपनी कक्षाओं में हंसी और आनंद का वातावरण बनाएं, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि हो। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, शिक्षकों ने लाफिंग बुद्धा के साथ जमकर ठहाके लगाए, जिससे पूरा विद्यालय हंसी की गूंज से गूंज उठा। शिक्षिका श्वेता सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि लाफिंग बुद्धा की वजह से आज हमें अहसास हुआ कि हम अपनी हंसी को कब और कैसे भूल गए थे। प्रधानाध्यापक शिवशंकर कुशवाहा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रेरणादायक है। इस मौके पर राजन सिंह, दिनेश, बलवंत, रामलखन सिंह, अजय, अनिल प्रसाद, श्वेता सिंह, चंदा मौर्य, सीमा सिंह आदि मौजूद थीं।