शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपीडी में मंगलवार को विभिन्न रोगों को लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इनमें से ज्यादातर मरीजों ने जनरल मेडिसिन विभाग में दिखाया।
मरीज जुकाम, खांसी के साथ ही मौसमी बुखार से पीड़ित थे। जिले में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रात में तापमान 8.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि दोपहर में तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसके चलते सुबह और शाम अधिक ठंड रही। वहीं, दोपहर में धूप के कारण लोगों ने राहत महसूस की। तापमान में तेजी से हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते 2575 मरीज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपीडी में पहुंचे।
इनमें से 613 मरीजों ने अस्पताल के जनरल मेडिसिन ओपीडी में दिखाया। इन मरीजों में बड़ी संख्या में खांसी, जुकाम और मौसमी बुखार से पीड़ित थे।