गणित और अंग्रेजी के सवालों में उलझे अभ्यर्थी
101 केंद्रों पर रविवार को सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीटेट) आयोजित हुआ। 52,500 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से करीब 80 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन कड़ाई से कराया गया। थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में जाने को मिला। वाराणसी और आसपास के जिलों से परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के मुताबिक, पेपर आसान रहा। इस दौरान गणित और अंग्रेजी के सवाल थोड़ा कठिन होने की वजह से उसे हल करने में अधिक समय लगा।
कोरोना काल में हो रही परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सजगता-सतर्कता अधिक बरती गई। यहां आने वाले अभ्यर्थियों से कोरोना संक्रमित न होने का फार्म भी भराया गया, जिससे कि उनके कोरोना संक्रमण के बारे में सही जानकारी मिल सके।
जहां सीबीएसई की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक भी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे, वही केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी होती रही। परीक्षा खत्म होने के बाद लहरतारा, लहुराबीर, रथयात्रा, मंडुआडीह सहित अन्य इलाकों में बने केंद्रों के बाहर जाम जैसी स्थिति हो गई। केंद्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पाली को मिलाकर 80 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।