सहकारी समितियों पर किसानों को दिया जा रहा खाद। स्रोत- विभाग
गाजीपुर। सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल के बीच जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिश तेज हो गई है। प्रशासन की सख्ती के बाद 26 समितियों के सचिव और प्रभारी काम पर लौट आए हैं। इनमें से 22 समितियों ने 27 और 28 अक्तूबर को पीओएस मशीन के माध्यम से 68 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता विपिन कुमार सिंह ने बताया कि किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले के 65 इफको केंद्रों पर 650 मीट्रिक टन डीएपी और 325 मीट्रिक टन एनपीओएस का आवंटन कर प्रेषण कराया जा रहा है। इसके अलावा सहकारिता विभाग की तहसील और जिला स्तरीय संस्थाओं समेत 43 सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर 1094 मीट्रिक टन डीएपी और 525 मीट्रिक टन एनपीओएस आवंटित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के बफर गोदाम में 8763 मीट्रिक टन यूरिया, 4341 मीट्रिक टन डीएपी और 1724 मीट्रिक टन एनपीओएस उपलब्ध है।