कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज चौकी स्थित कस्बा के एक मुहल्ले की पांच वर्षीय मासूम के साथ एक किशोर के दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला मंगलवार की देर शाम प्रकाश में आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने उसे किशोर सुधार गृह भेज दिया।
क्षेत्र के एक मुहल्ले में एक फरवरी की रात बरात आई थी। अगवानी के लिए गुब्बारे से सजावट की गई थी। मुहल्ले का ही एक किशोर मासूम को गुब्बारा देने के नाम पर बहला-फुसलाकर टौंस नदी के किनारे ले गया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इसी दौरान मुहल्ले के कुछ युवकों को आता देख वह मासूम को छोड़कर फरार हो गया। मासूम ने घटना की जानकारी मां को दी। दो फरवरी की देर शाम परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही किशोर के खिलाफ तहरीर दी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को मंगलवार की रात ही उसके घर से उसे गिरफ्तार किया। कोतवाल श्यामजी यादव ने बताया कि आरोपी को किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है।