भांवरकोल। सजना गांव के एक मकान पर पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीम ने रविवार की रात दबिश देकर डेढ़ लाख रुपये की अवैध शराब और उपकरण बरामद किए हैं। इस सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में लोग नकली शराब बनाकर बिहार में आपूर्ति कर रहे हैं। सूचना पर देर रात करीब दो बजे आबकारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह के साथ सजना गांव के सिवान स्थित एक मकान में दबिश दी गई। इस दौरान 40 पेटी लगभग डेढ़ लाख रुपये की देसी शराब, 20 लीटर अपमिश्रित शराब , एक लीटर स्पी़ट, केमिकल यूरिया, 146 बार कोड स्टीकर, 28 प्लास्टिक बैग, 360 पीस शीशी ढक्कन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद यादव ग्राम सराय बहादुर थाना नोनहरा और दूसरा युवक सुनील चौधरी निवासी मठिया थाना नरहीं बलियां को रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।