Illegal construction demolished, responded to notice
गाजीपुर। नगर के लाल दरवाजा के पास मऊ विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी द्वारा कांप्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जांच में पाया गया कि प्रमाणित नक्शे के विरुद्ध निर्माण हो रहा है। ऐसे में ध्वस्तीकरण का आदेश पारित कर सदर एसडीएम ने नोटिस भेजकर एक सप्ताह का समय दिया था। इस पर उन्होंने स्वयं ही अवैध निर्माण को ध्वस्त कराकर निर्धारित समय अवधि के अंदर नोटिस का जवाब प्रशासन को दे दिया।
नगर के लाल दरवाजा के पास एक कांप्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन स्तर से जांच में पाया गया कि प्रमाणित नक्शे के विरुद्ध निर्माण कराया जा रहा है। इसमें सुनवाई के बाद बीते दिनों ध्वस्तीकरण का आदेश एसडीएम सदर ने पारित किया था। कांप्लेक्स मऊ विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी के नाम है। उन्हें नोटिस जारी कर सात दिन का समय दिया गया था। साथ ही चेताया गया था कि अगर स्वयं अवैध निर्माण को ध्वस्त नहीं किया जाता है, तो प्रशासन की ओर से अवैध रूप से निर्मित मकान को ध्वस्त कर दिया जाएगा। साथ ही इसे गिराने में आए सरकारी खर्च को भी वसूला जाएगा। ऐसे में उनके द्वारा नक्शे के विपरीत जो भी अधिक निर्माण कराया गया था उसे स्वयं गिरवाकर निर्धारित अवधि के अंदर नोटिस का जवाब देने के साथ ही रिपोर्ट प्रेषित कर दिया गया है। इस संबंध में सदर एसडीएम प्रभास कुमार ने बताया कि नक्शे के विपरीत जो अधिक निर्माण कराया गया था। उसे गिराने के लिए नोटिस जारी की गई थी। उसे एक सप्ताह के अंदर मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं परिवार के लोगों द्वारा स्वयं गिरा लिया गया है। साथ ही रिपोर्ट प्रेषित कर जवाब भी दे दिया गया है।