रुपये न मिलने पर ग्राहकों ने लगाया जाम
भीमापार संवाददाता के अनुसार सादात थाना क्षेत्र के मखदूमपुर स्थित यूनियन बैंक की शाखा से सोमवार को उपभोक्ताओं को रुपये नहीं मिले। सैकड़ों ग्राहक वापस घर लौट गए थे। आज सुबह बैंक खुलने से पहले ही सैकड़ों महिला-पुरुष खाताधारक वहां पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सैदपुर-चिरैयाकोर्ट मार्ग पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। जाम करने वाले लोगों का आरोप था कि एक तरफ जहां 500 और 1000 के नोट पर प्रतिबंध को लेकर लोग परेशान हैं, वहीं बैंक अधिकारी इसको लेकर गंभीर नहीं हैं।
दो दिन बैंक बंद होने के बाद सोमवार को खुलने पर भी ग्राहकों को रुपये नहीं मिले। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सादात हिमेंद्र सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझा कर साढ़े 10 बजे जाम समाप्त करवाया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में शाखा प्रबंधक प्रदीप राव ने बताया कि कैश की समस्या है, जैसे ही कैश उपलब्ध होगा, लोगों में इसका वितरण शुरू करा दिया जाएगा।
देवकली संवाददाता के अनुसार यूनियन बैक शाखा बासूपुर पियरी पर आज रुपये न मिलने पर ग्राहक आक्रोशित हो गए। बैंक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम कर दिया। जाम करते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की जानकारी होते ही सैदपुर के कोतवाल कमलेश कुमार त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और खाताधारकों को समझा-बुझाकर डेढ़ घंटा बाद जाम समाप्त कराया। मालूम हो कि इस शाखा से पिछले कई दिनों से ग्राहकों को रुपये नहीं मिल रहे है। रुपये न रहने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी।जिससे वे परेशान हो गये और अंत में उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्हें सड़क जाम करना पड़ा।