गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में संचालित 54 विद्यालयों को नोटिस जारी किया है। इन विद्यालयों ने कई बार चेतावनी देने के बावजूद यू-डायस पोर्टल पर सत्र 2023-24 के मुकाबले 2024-25 के नामांकन के अंतर को शून्य नहीं किया।
विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए विद्यालयों को सात मई तक का मौका दिया है। इस दौरान अगर यू-डायस पोर्टल पर अंतर को शून्य नहीं किया गया तो इस सूची में शामिल 54 परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों का वेतन रोक दिया जाएगा।
जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों को यू-डायस पोर्टल पर 2023-24 और 2024-25 के नामांकन का अंतर खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित प्रधानाध्यापक को 28 अप्रैल के आदेश के क्रम में तीन दिन के अन्दर शून्य करने को कहा गया था लेकिन जिले में संचालित 2266 परिषदीय विद्यालयों में से 54 विद्यालयों की प्रगति बेहद कम पाई गई है।
इनमें सबसे अधिक सात विद्यालय मनिहारी ब्लॉक के हैं तो वहीं करंडा और नगर क्षेत्र का एक भी विद्यालय सूची में नहीं हैं। इसके अलावा मुहम्मदाबाद में पांच, जमानिया और सादात चार-चार, कासिमाबाद तीन, बाराचवर और सैदपुर पांच-पांच, मरदह एक, जखनिया चार, भांवरकोल दो, रेवतीपुर दो, देवकली पांच, सदर और विरनो तीन-तीन और भदौरा में एक विद्यालय में यू-डायस पोर्टल पर नामांकन अति न्यून पाया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि यू-डायस पोर्टल पर नामांकन के अंतर को शून्य नहीं करने वाले इन विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है। अगर समय के अंदर काम पूरा नहीं किया गया तो संबंधित का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।