पकड़ी गांव निवासी आनंदी यादव ने पत्नी सुदामी देवी का शहर के बक्सूपुर स्थित सिंह लाइफ केयर अस्पताल में आपरेशन कराया था। 19 अप्रैल की भोर में उसका पुत्र राजेश यादव (25 ) अस्पताल के सामने सड़क पर मृत अवस्था में मिला था। इस मामले में घर वालों ने अस्पताल के चिकित्सक दंपती तथा तीन कर्मचारियों के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कराया लेकिन पुलिस मौत को सड़क दुर्घटना बताते हुए जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
वहीं घर वालों के साथ अन्य तमाम लोग आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। गिरफ्तारी नहीं होने पर गुरुवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे नाराज लोगों ने हास्पिटल के पिछले हिस्से पर पथराव कर ग्लूकोज के कार्टन में आग लगा दी। हास्पिटल के कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने जमानिया तिराहे पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस के समझाने पर लोग शांत तो हुए लेकिन कुछ देर बाद महिलाओं के साथ सैकड़ों की संख्या में गुस्साए लोगों ने हास्पिटल पर धावा बोलकर पथराव शुरू कर दिया। अस्पताल के अंदर खड़ी दो बाइक और एंबुलेंस में आग लगा दी। पथराव में सीओ सिटी कमल किशोर, सिपाही ओमप्रकाश मिश्र तथा एसडीएम सदर के चालक अजीम का सिर फूट गया। यह देख पुलिस ने भीड़ पर काबू पाने के लिए रबड़ की गोलियां दागते हुए आंसू गैस के गोले छोड़ने शुरू कर दिए।