नगर कोतवाली के बबेड़ी निवासी हेरोइन तस्कर की तीन करोड़ 60 लाख रुपये की बेनामी चल- अचल संपत्ति मुनादी के बीच बृहस्पतिवार को कुर्क कर लिया गया। कार्रवाई से तस्करों एवं संगठित अपराध करने वाले अपराधियों में दहशत है।
हेरोइन तस्करों के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले दिनों जहां दिलदारनगर में गैंगस्टर एक्ट की धारा के तहत तस्कर की करोड़ों की सम्पति कुर्क की गई थी, वहीं इस बार प्रशासन ने सदर कोतवाली क्षेत्र के बबेड़ी निवासी हेरोइन तस्कर की बेनामी चल-अलच संपत्ति को मुनादी के बीच कुर्क करा दिय। सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के बबेड़ी निवासी हेरोइन तस्कर जैनेंद्र प्रताप उर्फ मुन्ना के खिलाफ सदर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में डीएम एमपी सिंह ने धारा 14 (1) के तहत कुर्की का आदेश जारी किया था। गैंगस्टर की भू- संपत्ति और दो लग्जरी वाहनों को कुर्क किया गया। कुर्क संपत्ति का बाजारू मूल्य लगभग तीन करोड़ 60 लाख रुपये हैं। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में पिछले ढाई साल में अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत 102 करोड़ की कुर्की की गई है। जबकि पिछले ढाई साल में माफियाओं की 109 करोड़ की अवैध संपत्ति का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है। इस दौरान सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, सदर कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या, तहसीलदार अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। मालूम हो कि बीते चार जून की शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में जमानिया थाना के सब्बलपुर कला निवासी हेरोइन तस्कर राजू यादव की दिलदारनगर थाना क्षेत्र के निरहूकापुरा और भक्सी में स्थित दो करोड़ 53 लाख सात हजार की भूमि को गैंगस्टर के तहत कुर्की की गई थी।