भूमि अधिग्रहण बिल तथा नगर पालिका परिषद की ओर से स्वकर प्रणाली के तहत लगाए गए भारी टैक्स के विरोध में सोमवार को कांग्रेसीजनों की ओर से पदमार्च निकाला गया। मुहआबाग से शुरू हुई यह पदयात्रा नवाब साहब फाटक पर समाप्त हुई। जहां आयोजित सभा में केंद्र सरकार की नीतियों का जमकर विरोध किया गया।
इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष शफीक अहमद ने कहा कि नगर पालिका द्वारा भवनों पर भारी टैक्स लगाए जाने से जनता कराह रही है। लेकिन परेशान लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है। इसके विरोध में नगरपालिका के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सत्तासीन दल के जनप्रतिनिधि भी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
वरिष्ठ कांग्रेेसी नेता डा. मारकंडेय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। पूंजीपतियों के हितों को ही ध्यान में रखते हुए सरकार कार्य कर रही है। किसानों और मेहनतकशों के हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है। किसानों की भूमि कौड़ियों के दाम लेकर पूंजीपतियों को देना चाहती है लेकिन कांग्रेस इसे पूरा नहीं होने दी जाएगी। किसान आए दिन आत्महत्या कर रहे हैं। यात्रा में दिग्विजय सिंह, राजीव उपाध्याय, आशुतोष गुप्ता, मो. राशिद, इबरतुल्लाह, अनुराग पांडेय, समीउल्लाह खान, अजय सिंह, आनंद, राकेश आदि रहे।