गाजीपुर। चीन से उपजी संक्रामक बीमारी कोरोना के लेकर स्वास्थ्य विभाग काफी संवेदनशील है। इसी बीच चीन से लौटे आकाश राजभर के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तथा उसकी शारीरिक जांच की। कहीं भी कोरोना के वायरस न हों इसको लेकर डाक्टर पूरी तरह आश्वस्त हो जाना चाहते हैं। करीब एक सप्ताह बाद भी उस युवक के खान-पान तथा रहन-सहन को लेकर विभाग नजर बनाए हुए है।
जिले के मरदह थाना क्षेत्र के हैदरगंज मटेहू निवासी आकाश राजभर चीन में एमबीबीएस की पढ़ाई करता है। 14 जनवरी को वह अपने गांव पहुंचा। उसके आने की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंचकर उसकी जांच करने में जुट गई। चिकित्सकों के अनुसार आकाश में कोरोना वायरस नाम की संक्रामक बीमारी नहीं है लेकिन आकाश को रोग के लक्षण बताते हुए कहा गया है कि सर्दी, जुकाम, छींक, बुखार आदि होने पर इसकी सूचना तत्काल चिकित्सकों को दें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीसी मौर्य ने कहा कि कोरोना रोग को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। अगर कहीं शिकायत मिलती है तो तत्काल उसे आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा। चीन से आए युवक पर नजर रखी जा रही है।