दो लोगों की माैत से गांव में छाया मातम।
- फोटो : संवाद
पीछे वाले घर में भी पसरा सन्नाटा
राजू और आकाश के साथ बाइक पर सवार लालू यादव का घर भी आकाश के घर के पीछे है। हादसे में गंभीर रूप से घायल लालू का औड़िहार तिमुहानी स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पिता संजय यादव समेत परिजन अस्पताल में उसके ठीक होने की आस लगाए बैठे हैं। लालू की जिंदगी बचाने के लिए परिजन मंदिरों में मन्नत मांग रहे हैं और लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।
घरों के बाहर जुटी भीड़, हर आंख नम
दोनों युवकों के शव गांव पहुंचने के बाद घरों के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिलाएं एक-दूसरे से लिपटकर रोती रहीं और आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। जिस गांव में रोजमर्रा की चहल-पहल रहती थी, वहां सोमवार को हर चेहरा गमगीन नजर आया।
आरोपी चालक को भेजा गया जेल: सैदपुर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि हादसे के आरोपी चालक राकेश यादव निवासी ग्राम पड़री जिला मिर्जापुर को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।