सुहवल। हमीद सेतु की संरचनात्मक सुरक्षा जांच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पूरी कर ली गई। जांच में आधुनिक मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट का इस्तेमाल किया गया। जांच में पुल के सभी 52 बेयरिंग और 25 एक्सपेंशन ज्वाइंट पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। रिपोर्ट के बाद विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
विभाग ने एहतियातन 20 टन से अधिक भार क्षमता वाले वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध जारी रखा है। जांच कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से पुल के दोनों ओर बड़े वाहनों का आवागमन डायवर्ट किया गया था। निरीक्षण अवधि में केवल दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया और हल्के वाहनों को ही नियंत्रित तरीके से पुल से गुजरने की अनुमति दी गई थी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए 20 टन भार क्षमता वाले वाहनों को ही पुल से गुजरने की अनुमति है।