दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के कुंदनपुर गांव की पुलिया के पास मंगलवार की देर रात छह हमलावरों ने शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार किसान सहित दो पर तमंचे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची डॉयल 112 नंबर पुलिस टीम ने घटना स्थल से एक चाकू, चप्पल और एक गोली भी बरामद की है। गंभीर रूप से घायल किसान का आजमगढ़ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
खालिसपुर धनेशपुर गांव निवासी घायल दीपक कुमार ने बताया कि वह पड़ोसी चंद्रजीत राम के साथ बाइक से मऊ जनपद के सरसेना बाजार से एक शादी समारोह में गए थे। देर रात करीब 10.30 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही कुंदनपुर पुलिया के पास पहुंचे, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे करीब छह की संख्या में हमलावरों नेे रोक लिया। इसके बाद हमलावर तमंचा, तलवार और चाकू से हमला कर दिया।
किसान चंद्रजीत के सिर पर तमंचा सटाकर लाठी-डंडों और चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगे। घायल दीपक ने बताया कि उसके ऊपर भी हमलावरों ने चाकू से कई जगहों पर हमलाकर घायल कर दिया। पकड़े जाने के डर से हमलावर मौके पर चाकू, तमंचा की एक गोली, चप्पल और गमछा छोड़कर भाग गए। हमले में किसान चंद्रजीत राम के सिर पर चाकू और डंडों से करीब 10 जगहों पर गंभीर चोट आई है।
उनका आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल उपचार चल रहा है। जबकि पीड़ित दीपक कुमार का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी।