भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। हमें दो तिहाई बहुमत मिलने वाली है। पूरे यूपी में भाजपा के पक्ष में जन सैलाब देखने को मिल रहा है। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को मुहम्मदाबाद, सैदपुर तथा गहमर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अब तक हुए चुनाव में भाजपा सबसे आगे रही है। पूर्वांचल के छठवें तथा सातवें चरण के चुनाव में भी भाजपा को बेहतर जीत मिलेगी। कहा 11 मार्च से गुंडाराज और भ्रष्टाचार से जनता को मुक्ति मिलेगी।
गहमर में आयोजित सभा में ‘वन रैंक वन पेशन’ की बात करते हुए कहा कि इसे मंजूर कर रिटायर्ड फौजियों के खाते में 8000 करोड़ रुपये देने का काम किया है।मुहम्मदाबाद विधानसभा में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार कमल का बटन, न विधायक बनाने के लिए और न ही सरकार बनाने के लिए दबाना है, बल्कि किसी कृष्णानंद और कार्यकर्ताओं को शहीद न होना पड़े, इसलिए कमल का बटन दबाना है।
कहा जिस पार्टी में अंसारी परिवार के लोग होंगे उससे गुंडाराज के सफाए की उम्मीद बेमानी है। यूपी का विकास सपा, बसपा और कांग्रेस नहीं कर सकती।मानिया विधानसभा क्षेत्र के गहमर हनुमान चबूतरा के प्रांगण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जमानिया विस क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सुनीता सिंह के पक्ष में वोट मांगा। उन्होंने गहमर में सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि गांव ने देश की सेना में सबसे ज्यादा योगदान दिया है।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल बाबा का यह आरोप कि ‘वन रैंक वन पेंशन’ को भाजपा सरकार सही तरीके से लागू नहीं की है। यह उनकी भूल है। क्योंकि वह इटालियन चश्मा लगाए बैठे हैं। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि हाल में गहमर सड़क हादसे के बाद जो बवाल हुआ उसमें प्रशासन द्वारा जिस तरह से निर्दोष लोगों को फंसाया गया ।उसका एक-एक पाई का हिसाब 11 मार्च के दिन लिया जाएगा।
इस मौके पर प्रत्याशी सुनीता सिंह, कोडरमा झारखंड के वर्तमान सांसद रविंद्र राय, पूर्व विधायक सिंहासन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, काशी प्रांत के मंत्री विजेन्द्र नाथ राय, रामाकांत सिंह, परीक्षित सिंह, अनिल यादव, प्रेमसागर राजभर, मानवेन्द्रनाथ सिंह, जिलापंचायत सदस्य विट्टू सिंह, ओंमप्रकाश, शिवानंद पांडेय, नन्दकिशोर, विष्णु प्रताप मंडल अध्यक्ष, रेवतीपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कुमार राय, विनोद गुप्ता रहे। अध्यक्षता पूर्व विधायक उमाशंकर व संचालन रामाशंकर उपाध्याय ने किया।