ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवकली चंदन जायसवाल को पोर्टल पर एक महिला लाभार्थी को मृत दिखाना भारी पड़ गया है।
मामले सामने आने पर प्रभारी डीपीआरओ निलेंद्र सिंह ने जांच के बाद उन्हें निलंबित करते हुए विकास खंड कार्यालय देवकली से संबद्ध दिया है। देवकली विकास खंड के ग्राम पंचायत शिकारपुर के परिवार रजिस्टर में प्रभावती देवी को जीवित अंकित किया गया है।
लेकिन, ऑनलाइन पोर्टल में उन्हें मृत प्रदर्शित कर दिया गया। इसके कारण पेंशन से उनका नाम हटा दिया गया। मामला संज्ञान में आने पर डीपीआरओ कार्यालय से इसकी जांच की गई।
जांच में इसके लिए ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवकली चंदन जायसवाल दोषी पाए गए।
इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया।
प्रभारी डीपीआरओ निलेंद्र सिंह ने बताया कि जीवित महिला को मृत दिखाने व सीएम डैशबोर्ड में जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने के मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी देवकली को निलंबित कर दिया गया है।
जिन ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों के कारण सीएम डैशबोर्ड में जनपद की रैंकिंग प्रभावित होगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।