गाजीपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में खेलकूद और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया है। छात्र-छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विद्यालयों में प्रतिदिन खेलकूद आवश्यक है। खेलकूद में प्रतिभाग से छात्रों में सोचने-समझने की शक्ति बढ़ती है। इस उद्देश्य से शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक शिक्षा को भी सह भागीदार बनाया गया है। इन्हीं उद्देश्यों को लेकर प्रत्येक राजकीय विद्यालय में खेल-कूद कराने के लिए हर वर्ष 25 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। इस वर्ष भी यह अनुदान विद्यालयों को उपलब्ध कराया गया है।
छात्राओं को खेलकूद में प्रतिभाग कराने के लिए विशेष बल देने को कहा गया है। अक्सर देखा जाता है कि विद्यालयों में बालक तो खेलकूद में भाग लेते हैं लेकिन बालिकाएं इससे दूर रहती हैं। इससे उनका शारीरिक स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता। इसलिए बालिकाओं का खेलकूद में भाग लेना आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विद्यालय पर आयोजित खेलकूद की गतिविधियों में कम से कम 30 मिनट और अधिक से अधिक 60 मिनट तक प्रतिभाग कराना अनिवार्य किया गया है। फिट इंडिया मिशन और खेलो इंडिया गतिविधियों का आयोजन समय से कराने का भी निर्देश दिया गया है। फिट इंडिया सप्ताह नवंबर एवं दिसंबर में मनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत खेलों का आयोजन 15 अगस्त से दो अक्तूबर तक आयोजित करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। राज्य परियोजना निदेशक का एक निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को प्राप्त हुआ है। इस निर्देश में यह कहा गया है कि प्रधानाचार्य शीघ्र ही खेल सामग्री क्रय कर लें और समय से अपने विद्यालयों पर खेलकूद की गतिविधियां शुरू करा दें।