गाजीपुर। विकास खंड भांवरकोल के परिसर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लोक संवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को हुआ। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्टांप व न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र दयालु तथा बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है।
राज्यमंत्री दयाशंकर दयालु ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को आगे बढ़ाना चाहिए। विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाकर सभी शोषित, गरीब तथा वंचित जन के जीवन में बदलाव लाना होगा। बलिया सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा कि भारत में विकास के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा में सारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य आदि थे।