सैदपुर। कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम रसोई गैस सिलिंडर की पाइप फटने से अचानक घर में आग लग गई। जबतक आग पर काबू पाया जाता घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की घटना में 50 हजार रुपये का सामान जल गया।
गांव के रमेश यादव ने बताया कि पत्नी विमला और छोटे भाई संजय यादव की पत्नी प्रमिला मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयारी कर रही थीं। जैसे ही चूल्हे में आग जलाई, उसी दौरान सिलिंडर की पाइप में लीकेज के चलते आग लग गई।
देखते ही देखते घर में रखे अनाज खाने पीने की अन्य वस्तु एवं बॉक्स में रखे कपड़े आदि चीजे जलकर नष्ट हो गई। शोर सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और पंपिंग सेट का पानी खुलवाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। गांव के दिलीप कुमार, पूर्व प्रधान रामदरस यादव, प्रधान अखिलेश यादव ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। सैदपुर नायब तहसीलदार एसके वर्मा ने बताया कि लेखपाल की ओर से क्षति आंकलन की रिपोर्ट मिली है। सहायता के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।