सादात थाना क्षेत्र के सरदरपुर गांव के पास शनिवार को दवा के लिए ट्रेन से वाराणसी जा रहे बलिया जनपद के मनियर थाना के बड़ागांव निवासी संतोष गुप्ता (50) की गिरकर मौत हो गई। नजर के सामने हुए हादसे के बाद उसकी पत्नी कृष्णा बदहवास हो गई। उसने ट्रेन से कूदने की कोशिश की, लेकिन यात्रियों ने उसे बचाया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुहवल क्षेत्र के गंगा नदी पर स्थित शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु के दोनों तरफ लगे लोहे के हाइटगेज बैरियर की ऊंचाई शुक्रवार को बिना किसी पूर्व सूचना के ग्यारह फीट से घटा 10 फीट कर दिया गया। इसके कारण पड़ोसी राज्य बिहार को जोड़ने वाले और गाजीपुर- जमानिया- सैय्यदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण जाम लग गया। पुल के दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों, तेल टैंकर, स्कूली बस, चार पहिया वाहन आदि की कई किमी लंबी कतार लग गई।
वाहन चालकों और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग ने डीएम के आदेश को ताक पर रख मनमाने तरीके से पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे और वाराणसी राजमार्ग पर पड़ने वाले टोल टैक्स ठेकेदारों के दबाव में बैरियर की ऊंचाई को कम किया है। इसे लोग किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। एनएचएआई वाराणसी के पीडी आरएस यादव ने बताया कि पुल पुराना हो चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहन न गुजर सके इसलिए हाइट गेज की ऊंचाई कम कर दी गई है।