पंचायत भवन की दीवार तोड़कर सामान चोरी
घर के बाहर बंधी भैंस और पड़िया को खोल ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव में शनिवार की रात चोर घर के बाहर बंधी भैंस और पड़िया खोल ले गए। वहीं मुहम्मदपुर कुसुम ग्राम पंचायत के पंचायत भवन की दीवार को तोड़कर उसमें रखा बैट्री, इनवर्टर, पंखा, कुर्सी, मेज ,सीसीटीवी कैमरा सहित हजारों रुपये के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
मड़ही ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव ने बताया कि देर शाम शाम खाना खाकर परिजन भैंस और उसकी पड़िया बांधकर बाहर दरवाजे पर ही सो गए थे। उन्होंने बताया कि रात 12 बजे तक भैंस और पड़िया दरवाजे पर थी। सुबह चार बजे जब नींद खुली है तो भैंस और पड़िया नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी भैंस और पड़िया का पता नहीं चला। ग्राम प्रधान ने बताया कि दो माह पूर्व एक लाख रुपये में भैंस और पड़िया खरीदा गया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।
इधर चोरों ने मुहम्मदपुर कुसुम ग्राम पंचायत के पंचायत भवन दीवार तोड़कर उसमें रखा बैट्री, इनवर्टर, पंखा, कुर्सी, मेज ,सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। ग्राम प्रधान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है । जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर किया हाथ साफ
बिरनो। थाना क्षेत्र के बिरनो ग्रामसभा पिरथीपुर गांव में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरों ने कंप्यूटर सेट, सीपीयू , मॉनिटर, यूपीएस, लेजर प्रिंटर, कैमरे का हार्ड डिस्क, कुर्सी, सोलर पैनल बैटरी आदि कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान नागेंद्र कुशवाहा ने बताया कि घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर सामान बरामद कर उनको जेल भेजा जाएगा। संवाद