जीवपुर में विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान करते मुख्य अतिथि। स्रोत- आयोजक
जमानिया। शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब, जीवपुर की ओर से आयोजित मिनी पोल फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मंगलवार को गोड़सरा और भक्सी के बीच रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका।
इसके बाद ट्राईब्रेकर में उतरे मुकाबले में गोड़सरा ने शानदार वापसी करते हुए भक्सी को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 45-45 मिनट के निर्धारित खेल में दोनों टीमों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
ट्राईब्रेकर में शुरुआत में गोड़सरा की टीम ने एक गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन भक्सी ने लगातार दो गोल कर मुकाबले में बढ़त हासिल कर ली।
दबाव के बीच गोड़सरा के खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और लगातार दो गोल दागकर मैच अपने पक्ष में कर लिया। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश यादव रहे, जबकि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष बबलू यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
विजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रह्लाद यादव, मनोज यादव, पप्पू यादव, घरभरन यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।