बारा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही गहमर कोतवाली के गहमर गांव निवासी युवती की शनिवार को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अचानक सिर में दर्द शुरू हुआ और उल्टी होने लगी थी। अस्पताल ले जाने वाले ही थे कि उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
गहमर गांव के पट्टी चौधरी राय निवासी दीनानाथ वर्मा ने बताया कि पुत्री रिम्मी वर्मा (19) को दो वर्ष से माइग्रेन की समस्या थी। उसका इलाज पटना में चल रहा था। शनिवार की शाम वह अपनी बड़ी बहन समी को छोड़ने के लिए गहमर स्टेशन गई थी। समी अग्निवीर एयरफोर्स में पंजाब के हलवाड़ा में तैनात है। रिम्मी गहमर स्टेशन से घर आकर आराम कर रही थी कि अचानक सिर में दर्द शुरू हुआ और उल्टी होने लगी। अस्पताल ले जाने वाले ही थे कि उसकी मौत हो गई। रिम्मी की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि पुलिस में भर्ती होने के लिए वह हर रोज गांव स्थित मैदान पर सुबह - शाम दौड़ लगाती थी। दौड़ के बाद वह काफी देर तक एक्सरसाइज भी करती थी। बताया कि रिम्मी बचपन से ही पढ़ने में काफी तेज थी। उसने एसएससी की परीक्षा भी पास की थी। रिम्मी को पुलिस में भर्ती होने का बचपन से ही शौक था। इसके लिए उसने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा दी थी। परिजनों से यकीन के साथ कहा था कि वह पुलिस की वर्दी जरूर पहनेगी, लेकिन रिम्मी का सपना अधूरा रह गया। रिम्मी की बातों को याद कर छोटा भाई सत्यम, छोटी बहन एंजल, मां गीता वर्मा और पिता दीनानाथ वर्मा का रो - रोकर बुरा हाल था।